आई.आर.एन.एस.एस.-1ई
आई.आर.एन.एस. अंतरिक्ष खंड को निरूपित करते सात उपग्रहों का पाँचवाँ उपग्रह है आई.आर.एन.एस.एस.-1ई। इसके पुरोगामी आई.आर.एन.एस.एस.-1ए, 1बी, 1सी एवं 1डी को पी.एस.एल.वी.-सी22, पी.एस.एल.वी.-सी24, पी.एस.एल.वी.-सी26 एवं पी.एस.एल.वी.-सी27 द्वारा क्रमश: जुलाई 2013, अप्रैल 2014, अक्तूबर 2014 एवं मार्च 2015 में प्रमोचित किया गया था। आई.आर.एन.एस.एस.-1ई का उत्थापन भार 1425 कि.ग्रा. है। आई.आर.एन.एस.एस.-1ई का संरूपण भी आई.आर.एन.एस.एस.-1ए, 1बी, 1सी एवं 1डी जैसा ही है। आई.आर.एन.एस.एस.-1ई दो प्रकार के नीतभार का वहन करता है - नौवहन नीतभार तथा रेंजिंग (परासन) नीतभार। आई.आर.एन.एस.एस.-1ई का नौवहन नीतभार प्रयोक्ताओं को नौवहन सेवा संकेत संप्रेषित करेगा। यह नीतभार एल5-बैण्ड तथा एस-बैण्ड में प्रचालन करेंगे। अत्यंत परिशुद्ध रुबीडियम परमाणु घड़ी इस उपग्रह के नौवहन नीतभार का हिस्सा है। आई.आर.एन.एस.एस.-1ई के रेंजिंग (परासन) नीतभार में सी-बैण्ड प्रेषानुकर है, जो उपग्रह की सही रेंज को निर्धारित करने में सहायक है। आई.आर.एन.एस.एस.-1ई लेसर रेंजिंग के लिए कॉर्नर क्यूब रेट्रो परावर्तक का वहन करता है। आई.आर.एन.एस.एस.-1ई को पी.एस.एल.वी.-सी31 द्वारा 20 जनवरी, 2016 को 09:31 बजे (भा.मा.स.) सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (एस.डी.एस.सी.) शार, श्रीहरिकोटा से प्रमोचित किया गया था।